Katihar:श्रीलाल बने मूलनिवासी संघ के जिलाध्यक्ष
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
हसनगंज| कटिहार जिले में सामाजिक जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मूलनिवासी संघ की जिला इकाई का लोकतांत्रिक तरीके से गठन किया गया। संगठन की बैठक में सर्वसम्मति से नई जिला कमेटी का गठन करते हुए सक्रिय समाजसेवी श्रीलाल उरांव को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके चयन पर संगठन के सदस्यों और समर्थकों ने खुशी जताते हुए बधाई दी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मूलनिवासी संघ समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के बीच सामाजिक, शैक्षणिक और संवैधानिक जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है। संगठन विशेष रूप से एसटी, एससी, ओबीसी एवं अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयासरत है। संगठन के सदस्यों ने कहा कि वर्तमान समय में समाज के विभिन्न वर्ग सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में मूलनिवासी संघ आंबेडकरवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक न्याय को मजबूत करने का कार्य करेगा। नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष श्रीलाल उरांव ने कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कार्यकर्ताओं को साथ लेकर कार्य किया जाएगा।
