किशनगंज में स्वर्ण व्यवसायी से 35-40 भर सोना लूटा: करीब 60 लाख के जेवर लूटकर अज्ञात बदमाश हुए फरार, पुलिस जांच में जुटी

किशनगंज में स्वर्ण व्यवसायी से 35-40 भर सोना लूटा: करीब 60 लाख के जेवर लूटकर अज्ञात बदमाश हुए फरार, पुलिस जांच में जुटी

 

किशनगंज में लाखों के सोने की लूट का मामला सामने आया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के सुभासनगर वार्ड नंबर 11 में दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की मोटरसाइकिल रोककर उसकी डिक्की से 35-40 तोले सोने के जेवरात छीन लिए और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मंगलवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

घटना की सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी गंगा प्रसाद साह ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे वह झाँसी रानी चौक स्थित अपनी दुकान बंद कर रहे थे।

उन्होंने 35-40 भर सोने के जेवरात एक बैग में रखकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे और सुभासनगर स्थित अपने घर जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोका।

बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर उसमें रखा आभूषणों का बैग छीन लिया और तुरंत मौके से भाग निकले।

बहादुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने बताया कि पीड़ित स्वर्ण व्यवसायी की लिखित शिकायत के आधार पर तीनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले में संलिप्त दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और जेल भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे व्यवसायी वर्ग में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!