भीषण अग्निकांड, 14 परिवारों के घर जलकर राख
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र की बैदा पंचायत स्थित डुमरिया गांव में बुधवार दोपहर खाना बनाने के दौरान लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई। इस अग्निकांड में देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक परिवारों के आशियाने जलकर राख हो गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गांव में अफरा-तफरी मच गई और जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक अब्दुल हन्नान के घर से शुरू हुई आग ने आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मासूद आलम, ग्यास अलि, मोहम्मद कबीर, सगीरा खातून, शबाना खातून, मोहम्मद साबीर और जोशनारा खातून समेत 14 परिवारों की जीवन भर की जमा पूंजी नष्ट हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय मुखिया बीवी महापारा खातून ने स्थिति का जायजा लिया। अग्नि पीड़ितों ने बिलखते हुए बताया कि मेहनत-मजदूरी कर घर में रखे रुपए, अनाज, कपड़े और बर्तन सब कुछ आग की भेंट चढ़ गए। प्रभारी अंचल पदाधिकारी शिखा कुमारी ने बताया कि जांच में कुल 14 परिवारों के घर जलने की पुष्टि हुई है। प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों के बीच पॉलीथिन शीट और डिग्निटी किट का वितरण किया गया है। अंचल पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि अन्य सरकारी सहायता और मुआवजा जल्द ही पीड़ित परिवारों को उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल, खुले आसमान के नीचे आए इन परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
