नाथनगर रेलवे स्टेशन के कैटरिंग स्टॉल में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख।
संवाददाता शुभम कुमार भागलपुर/बिहार
भागलपुर के नाथनगर रेलवे स्टेशन स्थित प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक कैटरिंग स्टॉल में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा स्टॉल उसकी चपेट में आ गया और दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।कैटरिंग स्टॉल संचालक मुरारी सहनी ने बताया कि अचानक स्टॉल से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग फैल गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में करीब दो से ढाई लाख रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के दौरान उनकी पत्नी भी स्टॉल पर मौजूद थीं जिनके बाल आग की चपेट में आने से झुलस गए।आग लगने के बाद स्टेशन परिसर में यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हड़कंप मच गया। इसी बीच स्थानीय युवक अभिमन्यु यादव ने साहस का परिचय देते हुए आग बुझाने में अहम भूमिका निभाई। लोगों की मदद और रेलवे कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोका गया।स्टेशन अधीक्षक ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही रेलवे के कार्यवाहक स्टाफ धर्मेंद्र कुमार और फायर स्टाफ मौके पर पहुंचे। चार अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
