डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840
पल्स पोलियो अभियान नवंबर 2026 चक्र का शुभारंभ
भागलपुर, 22 नवंबर 2026। सदर अस्पताल, भागलपुर के आपातकालीन परिसर में आज पल्स पोलियो अभियान नवंबर 2026 चक्र का शुभारंभ प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. दीनानाथ द्वारा नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. फारूक अली, संस्थापक, सफी युवा क्लब, डॉ. धनंजय कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, भागलपुर, डॉ. राजू कुमार, उपाधीक्षक, सदर अस्पताल, भागलपुर, डॉ. अमर राज, एसएमओ, श्री आनंद कश्यप, डीसी, पीसीआई, श्री गोपाल शंकर चौधरी, आईएफएम सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. धनंजय कुमार ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान 22 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 28 नवंबर को बी-टीम द्वारा छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के तहत जिले में कुल 6,85,603 बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए कुल 6,63,470 घरों को लक्षित किया गया है।
अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में 1,488 घर-घर भ्रमण करने वाली टीमें, 315 ट्रांजिट टीमें, 86 मोबाइल टीमें एवं 23 वन-मैन टीमें गठित की गई हैं। इनके कार्यों की निगरानी के लिए 608 पर्यवेक्षक प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 106 सब-डिपो, 106 सब-डिपो होल्डर एवं 37 कोल्ड चेन हैंडलर की व्यवस्था की गई है, ताकि अभियान के दौरान पोलियो वैक्सीन की उपलब्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. दीनानाथ ने जिले के सभी अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को दवा पिलाना आवश्यक है। अभियान की सफलता में जनसहभागिता महत्वपूर्ण है।
