डेस्क बिहार भागलपुर
3-10-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर जगदीशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह के नेतृत्व में हुई बैठक, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
जगदीशपुर (भागलपुर)। आगामी दीपावली, काली पूजा एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जगदीशपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह ने किया। इसमें थाना क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधियों, मुखिया, ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने पर विशेष चर्चा की गई। थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह ने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी लोग प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने कहा कि त्योहार के अवसर पर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेशों को प्रसारित करने से बचें।
बैठक में पूजा-पंडालों और छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर भी चर्चा की गई। लोगों से अपील की गई कि दीपावली और काली पूजा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें तथा छठ पूजा के दौरान घाटों पर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की बात कही गई।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष रामचन्द्र सिंह, दरोगा अमरजीत कुमार, पुलिस मित्र, मुखिया सहित थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी लोगों ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिया।
