फुलबड़िया बाजार में निकली नशा मुक्ति रैली, युवाओं और पुलिस ने किया जागरूक।
किशनगंज से मोहम्मद मुजाहिद की रिपोर्ट
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत के फुलबड़िया बाजार में सोमवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने किया। इसमें पुलिस पदाधिकारी, जवान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवा एवं बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में शामिल हुए।रैली में मुखिया अबू बकर, सरपंच नौशाद आलम सहित ग्रामीणों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर बाजार के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो”, “तंबाकू-शराब जिंदगी खराब” और “नशा मुक्त हो बिहार हमारा” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।अपर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है तथा इससे अपराध और सामाजिक समस्याएं बढ़ती हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की। रैली के अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
