कटिहार में RPF कांस्टेबल ने बचाई महिला की जान: चलती ट्रेन से उतरते समय फिसला पैर, डीसीएम बोले-ट्रेन छूटने पर 139 पर करें कॉल संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार कटिहार रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश कर रही एक महिला यात्री का पैर फिसल गया, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल अमित कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 5:20 बजे हुई। गाड़ी संख्या 13169 सियालदह-जयनगर एक्सप्रेस कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर रुकी थी। ट्रेन को चलने का सिग्नल मिलते ही एक महिला यात्री अचानक ट्रेन से उतरने लगी। इसी दौरान ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली, जिससे महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच गिरने लगी। महिला को कांस्टेबल ने खींचकर निकाला प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रहे आरपीएफ पोस्ट कटिहार के कांस्टेबल अमित कुमार ने महिला को खतरे में देखा। बिना देर किए, अमित तुरंत महिला की ओर दौड़े। उन्होंने एक हाथ से महिला को मजबूती से पकड़ा और पूरी ताकत से उसे प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। कुछ ही सेकंड की देरी एक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी। हादसे के बाद महिला काफी सहमी हुई थी। कांस्टेबल अमित ने उसे पानी पिलाया और आरपीएफ पोस्ट ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया। महिला ने बताया कि वह वॉशरूम गई थी और उसे ट्रेन के चलने का पता नहीं चला। घबराहट में उसने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की। बाद में, उसके परिजनों के आने पर महिला को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। RPF ने ट्वीट कर कांस्टेबल के कार्य की प्रशंसा की आरपीएफ पोस्ट कटिहार के इंस्पेक्टर ने कांस्टेबल अमित की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी ड्यूटी से बढ़कर मानवता का परिचय दिया है। उनकी सूझबूझ से एक जान बच गई। विभाग की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा। पूर्व मध्य रेल के आईजी/आरपीएफ ने भी ट्वीट कर कांस्टेबल अमित के कार्य की प्रशंसा की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग कांस्टेबल अमित को ‘रियल हीरो’ बता रहे हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन से उतरने या चढ़ने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए 139 पर कॉल करें। चलती ट्रेन से न उतरने की अपील सीनियर डीसीएम कटिहार ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन से न उतरें और न ही चढ़ें। एक छोटी सी गलती जानलेवा हो सकती है। ट्रेन छूटने पर 139 पर कॉल करें या अगले स्टेशन से टिकट का इस्तेमाल करें। कटिहार में पिछले 6 महीने में RPF ने इसी तरह 11 यात्रियों की जान बचाई है। रेलवे ने कांस्टेबल अमित कुमार को ‘मंथ का बेस्ट कर्मचारी’ घोषित करने की अनुशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!