कटिहार में ₹57 करोड़ का अल्पसंख्यक आवासीय स्कूल: 560 छात्रों को मिलेगी मुफ्त पढ़ाई-रहने की सुविधा, DM ने किया निरीक्षण

कटिहार में ₹57 करोड़ का अल्पसंख्यक आवासीय स्कूल: 560 छात्रों को मिलेगी मुफ्त पढ़ाई-रहने की सुविधा, DM ने किया निरीक्षण

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुधवार को कटिहार प्रखंड के सिरनिया स्थित निर्माणाधीन अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कार्यकारी एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।
साथ ही स्पष्ट किया कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
सीमुलतला और नवोदय विद्यालय की तर्ज पर हो रहा निर्माण
बिहार सरकार सीमुलतला आवासीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय की तर्ज पर राज्य के सभी जिलों में अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय स्थापित कर रही है।
इसी योजना के तहत कटिहार प्रखंड के मौजा सिरनिया स्थित वक्फ स्टेट संख्या-1505, जाफरगंज की 4.32 एकड़ भूमि पर इस विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।
560 विद्यार्थियों को मिलेगी आवासीय सुविधा
करीब 57.17 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस संयुक्त आवासीय विद्यालय में अल्पसंख्यक समुदाय के बालक और बालिकाओं के लिए पढ़ाई और रहने की व्यवस्था होगी।
विद्यालय में 560 विद्यार्थियों के नामांकन की क्षमता निर्धारित की गई है। यहां छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ आवास, भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
निरीक्षण के दौरान पौधारोपण भी किया
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कार्यकारी एजेंसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माण स्थल पर पौधारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!