कटिहार : कुर्सेला में 20 किलो गांजा जब्त: दो तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

कटिहार : कुर्सेला में 20 किलो गांजा जब्त: दो तस्कर गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कुर्सेला थाना पुलिस ने शनिवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो गांजा जब्त किया है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया और गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई आई20 कार भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाबगंज पूरब टोला वार्ड संख्या-5 निवासी रेखा देवी (31 वर्ष), पति मुकेश मंडल, और आई20 कार चालक छोटू कुमार (20 वर्ष), पिता अरुण मंडल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी प्लास्टिक के पैकेट में गांजा भरकर हुंडई आई20 कार (संख्या BR11BL1728) की डिक्की में रखकर नवगछिया की ओर जा रहे थे।
कुर्सेला थाना पुलिस को पहले से ही गुप्त सूचना मिली थी कि गांजा तस्कर राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के रास्ते एक कार से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने पुलिस बल के साथ संभावित मार्ग पर निगरानी शुरू कर दी।
तस्कर नवाबगंज पूरब टोला से निकलकर कुर्सेला बस्ती होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर पहुंचे। पुलिस ने उनका पीछा किया और काफी दूरी तक पीछा करने के बाद कटरिया सिमरगाछ चेक पोस्ट के समीप वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से लगभग 20 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर गांजा और वाहन को जब्त कर लिया। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!