विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल एवं सीमावर्ती सीमा चौकियों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित l
गलगलिया —— 8 वी वाहिनी के कमांडेंट पी.वी. सामी, के मार्गदर्शन में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 8वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, खपरैल तथा इसके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली समस्त सीमा चौकियों में जनजागरूकता व प्रतिज्ञा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय एवं सीमा चौकियों स्तर पर जागरूकता एवं प्रतिज्ञा शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा जनसंपर्क गतिविधियों का आयोजन किया गया। जवानों एवं अधिकारियों ने तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक किया तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों, युवाओं एवं विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कमान्डेंट ने अपने संबोधित में कहा की यह दिवस प्रतिवर्ष 31 मई को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है।
तंबाकू का सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, खैनी एवं अन्य तंबाकू उत्पाद न केवल कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का कारण बनते हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को भी प्रभावित करते हैं। तंबाकू का धुआँ केवल सेवन करने वाले व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों को भी नुकसान पहुँचाता है।
आज आवश्यकता इस बात की है कि हम स्वयं तंबाकू से दूर रहें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। युवाओं को विशेष रूप से इस बुरी आदत से बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
आइए, इस अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि न तो स्वयं तंबाकू का सेवन करेंगे और न ही किसी को इसके लिए प्रेरित करेंगे। स्वस्थ शरीर, स्वस्थ मन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू मुक्त जीवन अपनाएँगे।
उपस्थित सभी कार्मिकों ने तंबाकू का सेवन न करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
