02 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं स्वच्छता दिवस, पखवाड़ा व कैंपेन के अवसर पर 41वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, रानीडंगा के वाहिनी मुख्यालय एवं विभिन्न समवायों तथा सीमा चौकियों में स्वच्छता प्रतिज्ञा, स्वच्छता अभियान एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विकास कुमार, कमांडेंट, 41वीं वाहिनी द्वारा उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कार्मिकों को स्वच्छता की प्रतिज्ञा दिलाई गई। उन्होंने अपने संबोधन में स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल विशेष दिवसों अथवा स्वच्छता पखवाड़ों तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। उन्होंने सभी कार्मिकों से अपने घरों, कार्यस्थलों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का आह्वान किया।
तत्पश्चात, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कमांडेंट महोदय सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों द्वारा वाहिनी परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया गया।
