सशस्त्र सीमा बल द्वारा पथरघट्टा हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
गलगलिया —-विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, साइबर बुलिंग (ऑनलाइन उत्पीड़न) की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 8 बटालियन, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), खपरैल द्वारा दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को ग्राम पथरघट्टा स्थित हाई स्कूल में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कमांडेंट पी. वी. सामी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के प्रधान अध्यापक मिताई चंद बसक, 14 शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा लगभग 150 से 250 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व उप निरीक्षक (संचार) बिफल पांडित, उप निरीक्षक (संचार) श्री विवेक यादव, उप निरीक्षक (संचार) आकाश वर्मा तथा सहायक-उप निरीक्षक (संचार) संजय कुमार ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया पर निजता बनाए रखने, मजबूत पासवर्ड के महत्व, व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी, संदिग्ध लिंक तथा साइबर बुलिंग से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने, संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा साइबर उत्पीड़न या किसी भी प्रकार के साइबर अपराध की स्थिति में अपने अभिभावकों एवं संबंधित अधिकारियों को सूचित करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा उन्हें सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के लिए प्रोत्साहित करना था। विद्यालय के प्रधान अध्यापक एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने इस पहल में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को डिजिटल दुनिया में संभावित खतरों की पहचान करने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
8बटालियन, सशस्त्र सीमा बल, खपरैल सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय एवं विद्यार्थियों के बीच डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा तथा जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर जन-जागरूकता एवं सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम आयोजित करने हेतु प्रतिबद्ध है
