चांदपुर पंचायत में कचरा प्रबंधन को लेकर बढ़ी जागरूकता, WPU के जरिए होगा अपशिष्ट का समुचित निपटान
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के द्वितीय चरण के तहत चांदपुर ग्राम पंचायत में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को लेकर सकारात्मक पहल की जा रही है। पंचायत में स्थापित अपशिष्ट प्रसंस्करण इकाई (WPU) के माध्यम से घरों से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे के समुचित निपटान की व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गांव को स्वच्छ रखने के साथ-साथ कचरे से उपयोगी सामग्री और जैविक खाद तैयार करना है।
ग्राम पंचायत की मुखिया अर्चना कुमारी के नेतृत्व में लोगों को घरों में ही कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। ग्रामीणों से सूखे और गीले कचरे को अलग रखने तथा हरे और नीले कूड़ेदान का उपयोग करने की अपील की जा रही है। पंचायत स्तर पर सफाई कर्मियों के माध्यम से कचरा संग्रहण और उसके उचित निपटान पर भी जोर दिया जा रहा है।
पंचायत की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ लोगों में कचरा प्रबंधन की आदत विकसित होने की उम्मीद है। गीले कचरे से खाद तैयार करने के लिए खाद-गड्ढे के निर्माण को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे जैविक कचरे का उपयोग खाद बनाने में किया जा सकेगा और खुले में कचरा फेंकने की समस्या कम होगी।
ग्रामीणों को यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छ गांव से ही समृद्ध गांव की नींव मजबूत होती है। पंचायत स्तर पर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में लोगों से स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने और कचरे का इधर-उधर निस्तारण नहीं करने की अपील की जा रही है। लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत चांदपुर पंचायत की यह पहल गांव को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
