किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड में रविवार शाम करीब साढ़े 6 बजे तीन हाथियों का झुंड धनतोला-दिघलबैंक मुख्य सड़क किनारे बांस के झाड़ के पास पहुंच गया। रिहायशी इलाके के नजदीक हाथियों की लगातार मौजूदगी से सीमावर्ती गांवों के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर सड़क किनारे काफी देर तक मंडराता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण सतर्क हो गए और लोगों ने घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 9 बजे तक हाथियों की गतिविधि इलाके में बनी रही, जिससे लोगों में भय का माहौल व्याप्त रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि बीते कुछ दिनों से सीमावर्ती क्षेत्रों में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है। खेतों और बस्तियों के समीप हाथियों के पहुंचने से फसलों के नुकसान और जनहानि की आशंका बनी रहती है।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। वनकर्मियों द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील की है।
