कटिहार-सेमापुर सड़क बारिश में क्षतिग्रस्त: अधूरे नाला निर्माण से 8 फीट कटाव, मकानों की नींव पर खतरा, DM ने दी कार्रवाई की चेतावनी

कटिहार-सेमापुर सड़क बारिश में क्षतिग्रस्त: अधूरे नाला निर्माण से 8 फीट कटाव, मकानों की नींव पर खतरा, DM ने दी कार्रवाई की चेतावनी

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

कटिहार नगर निगम क्षेत्र में अधूरे नाला निर्माण और लगातार बारिश के कारण कटिहार-सेमापुर मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। नगर निगम के वार्ड संख्या-41 में सड़क के नीचे की मिट्टी बह जाने से लोगों को परेशानी और खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बारिश के तेज बहाव से सड़क के नीचे लगभग आठ फीट तक मिट्टी का कटाव हुआ है। इससे सड़क किनारे बने कई मकानों की नींव भी खतरे में आ गई है।
लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा है, और निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण जल निकासी का पानी सीधे सड़क किनारे बह रहा है, जिससे कटाव लगातार बढ़ रहा है।
मुख्य सड़क के धंसने का खतरा बढ़ सकता
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो मुख्य सड़क के धंसने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, और न ही यह कार्ययोजना के अनुरूप हो रहा है।
एक ओर जहां नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 में लोग जलजमाव से परेशान होकर नाला निर्माण की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अधूरे और धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य के कारण सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
एजेंसी बुडको को स्पष्ट निर्देश दिए
इस बीच, जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने नाला निर्माण कार्य करा रही एजेंसी बुडको को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा किया जाए।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जहां-जहां नाला निर्माण के कारण सड़क प्रभावित हुई है, वहां सड़क की री-इंस्टॉलेशन का कार्य भी सही तरीके से कराया जाए ताकि बरसात के दौरान लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई, तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य में लापरवाही बरती गई तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!