गलगलिया में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार; लाखों नकद और विदेशी मुद्रा बरामद

गलगलिया (किशनगंज):

गलगलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नेंगड़ाडुबा गांव में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में लगभग 120 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर के साथ भारी मात्रा में नकदी और विभिन्न देशों की विदेशी मुद्रा बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नेंगड़ाडुबा गांव के एक घर में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री का अवैध कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद ठाकुरगंज सर्किल इंस्पेक्टर पंकज पंथ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

एसएसबी 41वीं बटालियन के भातगांव और नेमुगुड़ी के जवानों तथा गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार की संयुक्त टीम ने गांव में स्थित मो. चांद मोहम्मद (48 वर्ष), पिता मो. हनीफ, के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर के भीतर छिपाकर रखी गई लगभग 120 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई।

इसके अलावा मौके से एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, ₹7,76,500 भारतीय मुद्रा, ₹1,28,000 नेपाली मुद्रा, तथा कतर, चीन, सऊदी अरब और मलेशिया की विदेशी करेंसी भी बरामद की गई। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

कार्रवाई के दौरान आरोपी मो. चांद मोहम्मद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। एसएसबी द्वारा प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपी को गलगलिया पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

पुलिस फिलहाल आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है। इस संयुक्त अभियान में गलगलिया पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!