मालदा मंडल द्वारा मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर माहव्यापी स्वच्छता जागरूकता अभियान का शुभारंभ
रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।
*भारतीय रेल की 173वीं वर्षगांठ (16 अप्रैल 1853 – 16 अप्रैल 2026) तथा रेलवे सप्ताह (10 से 16 अप्रैल 2026) के अवसर पर, पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा आज, दिनांक 16.04.2026 को मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर माहव्यापी स्वच्छता जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।*
यह अभियान पूर्व रेलवे की सतत स्वच्छता पहल के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत 15 अप्रैल से 14 मई 2026 तक रेलवे प्रतिष्ठानों में माहभर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, विद्यालयों, अस्पतालों तथा अन्य यात्री संपर्क क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।
*मालदा टाउन रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मनीष कुमार गुप्ता, मंडल रेल प्रबंधक, मालदा मंडल द्वारा वरिष्ठ शाखा अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय श्री प्रदीप दास, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता (EnHM), मालदा; श्री कार्तिक सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, मालदा; तथा श्री रोहित सिंह, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता द्वारा पूर्व रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मालदा टीम के सहयोग से किया गया।*
*अभियान के दौरान मंडल रेल प्रबंधक/मालदा ने ट्रेन संख्या 13418 मालदा टाउन–दीघा एक्सप्रेस के यात्रियों से संवाद किया तथा उनसे ट्रेनों एवं स्टेशन परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।* उन्होंने कहा कि स्वच्छता सामूहिक जिम्मेदारी है तथा यात्रियों से रेलवे सेवाओं का उपयोग करते समय अनुशासित नागरिक व्यवहार अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने यात्रियों को यह भी सलाह दी कि वे ट्रेनों से पटरियों पर कचरा न फेंकें, क्योंकि इससे पर्यावरण प्रभावित होता है तथा रेल परिचालन की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।
जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में यात्रियों के बीच स्वच्छता, स्वास्थ्यकर वातावरण तथा पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेशों वाले पंपलेट वितरित किए गए। स्काउट्स एवं गाइड्स स्वयंसेवकों ने भी सक्रिय भागीदारी करते हुए यात्रियों को प्रेरक संदेशों एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अभियान से जोड़ा।
यह पहल आगामी एक माह तक निरंतर जारी रहेगी, जिसका उद्देश्य यात्रियों में व्यवहारगत परिवर्तन लाना तथा मालदा मंडल में स्वच्छ, हरित एवं सतत रेलवे वातावरण की परिकल्पना को सुदृढ़ करना है।
