सीबीएसई 10 वीं में बाल कल्याण पब्लिक स्कूल का शानदार प्रदर्शन, संध्या कुमारी ने 97% अंक लाकर किया टॉप
मुरारी झा/दरभंगा
घनश्यामपुर सी.बी.एस.ई., नई दिल्ली द्वारा आयोजित दसवीं कक्षा की परीक्षा में बाल कल्याण पब्लिक स्कूल, विनोद विहार, पाली, घनश्यामपुर के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। परिणाम में जहां चार छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, वहीं 30 से अधिक विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से ऊपर अंक हासिल किए हैं।
विद्यालय की छात्रा संध्या कुमारी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, बल्कि जिला स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई है। समग्र रूप से विद्यालय का परीक्षा परिणाम बेहद सराहनीय रहा।
ग्रामीण परिवेश में रहकर भी छात्रों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह सफलता हासिल की है, जिससे पूरे विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
इस अवसर पर विद्यालय के सचिव विनोद मिश्र ने कहा कि यह सफलता शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
