टेढ़ागाछ, बिहार: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं बटालियन की सीमा चौकी फतेहपुर में भारत और नेपाल की सुरक्षा एजेंसियों के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक की अध्यक्षता एसएसबी 12वीं वाहिनी, किशनगंज के द्वितीय कमान अधिकारी पवन कुमार ने की। बैठक में भारत की ओर से एसएसबी अधिकारियों के साथ-साथ नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान सीमा सुरक्षा को मजबूत करने, आपसी समन्वय बढ़ाने, सूचना आदान-प्रदान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने इस बात पर सहमति जताई कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए आपसी सहयोग और त्वरित सूचना साझा करना बेहद आवश्यक है। साथ ही, सीमावर्ती इलाकों में बेहतर तालमेल के साथ संयुक्त प्रयासों को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक को दोनों देशों के बीच सीमा सुरक्षा सहयोग को और अधिक प्रभावी एवं मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
