महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकार व सुरक्षा को लेकर पोठिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

 

महिलाओं एवं किशोरियों के अधिकार व सुरक्षा को लेकर पोठिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।

*जिलाधिकारी, किशनगंज, श्री नवीन कुमार ने कहा—बाल विवाह, दहेज एवं लैंगिक हिंसा के खिलाफ जागरूकता ही सामाजिक बदलाव का मजबूत आधार।*

किशनगंज, 22 अगस्त 2026।

जिलाधिकारी किशनगंज श्री नवीन कुमार के निर्देश एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS सह नोडल पदाधिकारी, WCDC श्रीमती अंकिता सिंह के मार्गदर्शन में महिलाओं एवं किशोरियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पोठिया में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला सशक्तिकरण कार्यालय, महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में किया गया।

जिलाधिकारी किशनगंज श्री नवीन कुमार ने कहा कि बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक हिंसा एवं महिलाओं तथा बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किशोरियों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालय एवं शिक्षण संस्थान जागरूकता फैलाने के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों से ऐसे कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा छात्राओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, ICDS सह नोडल पदाधिकारी, WCDC श्रीमती अंकिता सिंह ने कार्यक्रम का जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह, दहेज एवं लैंगिक हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है। किशोरियों को अपनी बात रखने, गलत के विरुद्ध आवाज उठाने तथा जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सरकारी सेवाओं से सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पोठिया श्री विजय कुमार, जिला मिशन समन्वयक, DHEW श्री मो. शहबाज आलम, जेंडर स्पेशलिस्ट श्री सुशील कुमार झा, MTS श्रीमती श्यामा कुमारी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के शिक्षकों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत तथा छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर की गई। इसके पश्चात जिला मिशन समन्वयक DHEW मो. शहबाज आलम द्वारा कार्यक्रम का संचालन एवं विषय-वस्तु की प्रस्तुति की गई। उन्होंने पत्र के अनुसार छात्राओं को बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न तथा मानव तस्करी सहित महिलाओं एवं किशोरियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

*लैंगिक हिंसा एवं महिला सुरक्षा पर दी गई जानकारी।*

DHEW के जेंडर स्पेशलिस्ट श्री सुशील कुमार झा ने छात्राओं को लैंगिक हिंसा के विभिन्न स्वरूपों, उससे बचाव, अपने अधिकारों तथा आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता एवं शिकायत तंत्र के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न को चुपचाप सहन नहीं करने तथा समय पर उचित माध्यम से सहायता प्राप्त करने की अपील की।
वहीं MTS श्रीमती श्यामा कुमारी द्वारा वन स्टॉप सेंटर (OSC), किशनगंज के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि संकट की स्थिति में पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए संबंधित संस्थागत व्यवस्था कार्यरत है।

*छात्रा के भाषण ने सभी का ध्यान खींचा।*

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की एक छात्रा ने बाल विवाह, दहेज अधिनियम एवं यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर अत्यंत प्रभावशाली एवं जागरूकता से परिपूर्ण भाषण प्रस्तुत किया। छात्रा की प्रस्तुति की कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पोठिया श्री विजय कुमार ने छात्रा के उत्कृष्ट भाषण की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि छात्राओं में इस प्रकार की सामाजिक जागरूकता और आत्मविश्वास समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देता है।

BEO पोठिया विजय कुमार ने की कार्यक्रम की सराहना
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, पोठिया श्री विजय कुमार ने कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और सामाजिक मुद्दों पर अपनी समझ एवं विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने विशेष रूप से छात्रा द्वारा दिए गए भाषण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जागरूक एवं आत्मविश्वासी छात्राएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन की वाहक बन सकती हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं संबंधित पदाधिकारियों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह एवं दहेज प्रथा के दुष्परिणाम, महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति हिंसा की रोकथाम, यौन उत्पीड़न से सुरक्षा, मानव तस्करी से बचाव तथा संकट की स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर एवं अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, जिला मिशन समन्वयक DHEW मो. शहबाज आलम, जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा, MTS श्यामा कुमारी तथा विद्यालय की छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!