कटिहार दियारा में बंगाल की महिला की मौत: दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला, एक घायल; दुष्कर्म की आशंका की जांच

कटिहार दियारा में बंगाल की महिला की मौत: दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला, एक घायल; दुष्कर्म की आशंका की जांच

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

बिहार-बंगाल सीमा से सटे कटिहार के अमदाबाद थाना क्षेत्र के बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। इस हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
मृतका की पहचान चंद्रिका मंडल के रूप में हुई है, वहीं घायल महिला रुम्पा मंडल बताई जा रही हैं। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर क्षेत्र की निवासी हैं और एक ही परिवार से संबंधित हैं।

मवेशियों का चारा काटने के दौरान हादसा

जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं मवेशियों के लिए चारा काटने महानंदा नदी पार कर बिहार के दियारा क्षेत्र में पहुंची थीं। बताया गया कि चारा काटने के दौरान अज्ञात हमलावरों ने दोनों महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इस हमले में चंद्रिका मंडल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। रुम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज मालदा में चल रहा है।

पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है।

दोनों महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली

घटना को लेकर दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। कटिहार के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं और मवेशियों के लिए चारा लेने महानंदा नदी पार कर बिहार के दियारा क्षेत्र में आई थीं, तभी यह घटना हुई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और पूरी परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!