कटिहार के तत्कालीन एसडीपीओ धर्मेंद्र कुमार निलंबित, पुलिस टीम को सहयोग नहीं करने का आरोप

कटिहार के तत्कालीन एसडीपीओ धर्मेंद्र कुमार निलंबित, पुलिस टीम को सहयोग नहीं करने का आरोप

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार

गृह विभाग की बड़ी कार्रवाई, विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए अधिकारी
बिहार सरकार के गृह विभाग ने कटिहार के तत्कालीन एसडीपीओ धर्मेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही और पुलिस टीम को सहयोग नहीं करने का गंभीर आरोप लगा है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के बाद सरकार ने यह सख्त कार्रवाई की है।

विदित हो कि वर्तमान में धर्मेंद्र कुमार पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), जहानाबाद के पद पर तैनात थे।

पूर्णिया पुलिस की छापेमारी में असहयोग का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, निलंबन की मुख्य वजह पूर्णिया पुलिस की एक छापेमारी कार्रवाई से जुड़ी हुई है। बताया गया कि कोढ़ा थाना क्षेत्र में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूर्णिया पुलिस टीम पहुंची थी, लेकिन उस दौरान तत्कालीन एसडीपीओ धर्मेंद्र कुमार द्वारा अपेक्षित सहयोग नहीं दिया गया।

समय पर समन्वय और कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे, जिससे पुलिस की पूरी योजना विफल हो गई। इस मामले को पुलिस मुख्यालय ने काफी गंभीरता से लिया।

आईजी मुख्यालय की रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई

घटना के बाद आईजी मुख्यालय द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई थी। पुलिस मुख्यालय की अनुशंसा पर गृह विभाग ने मामले पर गहन विचार-विमर्श किया और धर्मेंद्र कुमार से लिखित स्पष्टीकरण भी मांगा गया।

सूत्रों के अनुसार, उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया और जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद गृह विभाग ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद कटिहार समेत पूरे बिहार

पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति है।

विभाग ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संदेश दिया है कि अनुशासनहीनता, लापरवाही और कर्तव्य में उदासीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!