कटिहार जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी पहुंचे मनिहारी, मध्य विद्यालय कांटाकोशा में बच्चों के साथ किया मध्यान भोजन
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी मंगलवार को मनिहारी प्रखंड के मध्य विद्यालय कांटाकोश पहुंचे। औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों का बारीकी से जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से पढ़ाई की स्थिति और पाठ्यक्रम को लेकर बातचीत की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए उन्होंने कहा कि खाना स्वादिष्ट है। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक की सराहना करते हुए भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने की बात कही। भोजन के दौरान डीएम ने बच्चों से पढ़ाई, स्कूल आने की नियमितता और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भविष्य में भी विद्यालय आकर बच्चों से मिलने का भरोसा दिलाया। डीएम ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उनका यह दौरा शिक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी और विद्यार्थियों के समग्र विकास के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता का संदेश देता है। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता डॉ1 विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, मनिहारी के अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
