आजादी के 76 साल बाद भी सड़क से वंचित धबैली पंचायत का वार्ड-1, ग्रामीणों में नाराजगी
रिपोर्टर मुजाहीर किशनगंज टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ (किशनगंज): टेढ़ागाछ प्रखंड की धबैली पंचायत के वार्ड संख्या 1 में आजादी के 76 वर्ष बाद भी ग्रामीण सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। सड़क नहीं होने के कारण लोगों को रोजमर्रा के कार्यों, बच्चों की पढ़ाई, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कच्चे रास्ते कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि वार्ड-1 के लोगों को भी बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिल सके। क्षेत्र में सड़क और जलजमाव जैसी समस्याएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।
