नजमुल हसनैन उर्फ ज़की
किशनगंज, 31 मई: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर किशनगंज जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यक्रम सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, छात्राओं एवं आम नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने और समाज को तंबाकू मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को तंबाकू के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और इसके सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं ने विभिन्न नारों और संदेशों के जरिए तंबाकू छोड़ने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में शपथ ग्रहण समारोह, पोस्टर प्रदर्शनी और जनजागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं को दर्शाने वाले पोस्टर प्रदर्शित किए गए, जिन्हें लोगों ने काफी रुचि के साथ देखा।
इस दौरान अधिकारियों ने युवाओं में बढ़ती तंबाकू की लत पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। अधिकारियों ने समाज के सभी वर्गों से तंबाकू के खिलाफ सामूहिक जनआंदोलन चलाने और नई पीढ़ी को इस बुरी आदत से बचाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने तंबाकू मुक्त किशनगंज और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
