छठ महापर्व, 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ की ब्रीफिंग

किशनगंज :-

छठ महापर्व, 2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ की ब्रीफिंग

छठ महापर्व, 2026 के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज एवं श्री संतोष कुमार, पुलिस अधीक्षक, किशनगंज की संयुक्त अध्यक्षता में छठ महापर्व के निमित्त प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि सभी महत्वपूर्ण छठ घाटों का संबंधित पदाधिकारी स्वयं निरीक्षण कर लें। घाटों पर पानी की गहराई का आकलन करते हुए आवश्यकतानुसार सुरक्षित बैरिकेडिंग कराई जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा अथवा दुर्घटना का सामना नहीं करना पड़े। सभी घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक छठ घाट पर एक छोटा कंट्रोल रूम बनाया जाए, जहां प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी तत्काल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अथवा जिला पदाधिकारी को सूचित करेंगे, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिला पदाधिकारी ने घाटों पर एनडीआरएफ की आवश्यकता का आकलन करने, गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा उनके संपर्क नंबर सभी संबंधित पदाधिकारियों के बीच साझा करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने, पानी की गहराई के अनुसार सुरक्षित बैरिकेडिंग कराने एवं सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम समय रहते पूर्ण करने पर विशेष बल दिया। संवेदनशील एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान तेज गति से चलने वाली बाइक एवं अन्य वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए। छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के आवागमन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि संध्या अर्घ्य के उपरांत मेला एवं घाट परिसर में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तब तक अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर तैनात रहेंगे, जब तक यह सुनिश्चित नहीं हो जाए कि सभी श्रद्धालु सुरक्षित रूप से घाट परिसर से वापस जा चुके हैं। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना एवं दुर्घटना को रोकना है।

उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जिन घाटों पर पानी की अधिक गहराई एवं अन्य कारणों से नाव परिचालन के दौरान दुर्घटना की आशंका है, वैसे खतरनाक घाटों पर नाव का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रखा जाए। साथ ही घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ तैनात रहने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता, तत्परता एवं जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।

जिला प्रशासन, किशनगंज आमजनों से अपील करता है कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से छठ महापर्व मनाएं।

ब्रीफिंग में अपर समाहर्ता, विभागीय जाँच; अपर समाहर्ता, जिला लोक शिकायत निवारण; अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!