प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता

प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार

भागलपुर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में केवल क्रमिक बदलाव नहीं, बल्कि व्यापक और परिवर्तनकारी बदलाव देखने को मिले हैं। सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचा है, जिससे देश आत्मनिर्भरता और विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनधन-आधार-मोबाइल (जैम) त्रिनिटी के माध्यम से सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता आई है। पहले योजनाओं की राशि में बड़े पैमाने पर रिसाव होता था, लेकिन अब लाभार्थियों के खातों में सीधे राशि पहुंचने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई है। उन्होंने दावा किया कि इस व्यवस्था से लाखों करोड़ रुपये की बचत हुई है और योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचा है। गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के कारण लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का सशक्तिकरण है। केंद्र के बजट में भी इन वर्गों को विशेष महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए मंत्री ने कहा कि देश में सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों और बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में देश में जहां 74 हवाई अड्डे थे, वहीं अब उनकी संख्या 160 से अधिक हो गई है। रेलवे के विद्युतीकरण में भी रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। पहले जहां लगभग 21 हजार किलोमीटर रेल मार्ग विद्युतीकृत था, वहीं अब यह बढ़कर 65 हजार किलोमीटर से अधिक हो गया है। मेट्रो रेल नेटवर्क और एक्सप्रेस-वे के विस्तार से देश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने डिजिटल इंडिया अभियान की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज देश में हर महीने 18 बिलियन से अधिक डिजिटल लेन-देन हो रहे हैं, जो भारत की तकनीकी प्रगति और डिजिटल सशक्तिकरण का प्रमाण है। डिजिटल भुगतान व्यवस्था ने आम लोगों के जीवन को आसान बनाया है और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया है।

कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार की भूमिका का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत ने न केवल अपने नागरिकों के लिए स्वदेशी वैक्सीन विकसित की, बल्कि दुनिया के कई देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराई। महामारी के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से उभरी और आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। देश में डेढ़ लाख से अधिक स्टार्टअप कार्यरत हैं, जो युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर प्रदान कर रहे हैं। बिहार के संदर्भ में उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का लाभ राज्य को लगातार मिल रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा घोषित विशेष पैकेज और केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं का लाभ बिहार को प्राप्त हो रहा है। राज्य से भेजे जाने वाले विकास प्रस्तावों को केंद्र सरकार की ओर से प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जा रही है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश को आत्मनिर्भर बनाने, वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने और जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और वैश्विक मंचों पर उसका प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

बाइट — नीतीश मिश्रा
प्रभारी मंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!