गलगलिया भारत-नेपाल बॉर्डर पर भीषण आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख; नेपाल की दमकल ने बचाई स्थिति, भारतीय फायर ब्रिगेड पहुंची देर से

गलगलिया भारत-नेपाल बॉर्डर पर भीषण आग, दर्जनों दुकानें जलकर राख; नेपाल की दमकल ने बचाई स्थिति, भारतीय फायर ब्रिगेड पहुंची देर से

किशनगंज, बिहार। किशनगंज जिले के गलगलिया स्थित भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मंगलवार को भीषण आग लगने से बाजार की दर्जनों दुकानें जलकर खाक हो गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही नेपाल की ओर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के कार्य में जुट गईं। नेपाल के दमकल कर्मियों की तत्परता से आग पर काबू पाने में काफी मदद मिली। वहीं भारतीय फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब दो घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंचीं, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

आग पर काबू पाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने नेपाल से पहुंचे दमकल कर्मियों का स्वागत किया तथा उनके सहयोग के लिए धन्यवाद और बधाई दी। लोगों ने कहा कि संकट की घड़ी में नेपाल की टीम ने मानवता और पड़ोसी सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।

दूसरी ओर भारतीय फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने को लेकर लोगों ने विरोध जताया। ग्रामीणों का कहना है कि भार्गव पंचायत जैसे बड़े क्षेत्र में आज तक स्थायी फायर स्टेशन या पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। इस कारण आपदा के समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में जल्द से जल्द फायर स्टेशन की स्थापना की जाए और अग्निशमन संसाधनों को मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!