कटिहार के 20 हृदय रोगी बच्चे पटना रवाना: RBSK के तहत मेदांता में होगा निःशुल्क इलाज, डीएम-सीएस ने किया रवाना

कटिहार के 20 हृदय रोगी बच्चे पटना रवाना: RBSK के तहत मेदांता में होगा निःशुल्क इलाज, डीएम-सीएस ने किया रवाना

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार से हृदय रोग से ग्रसित 20 बच्चों को उच्च स्तरीय इलाज के लिए पटना स्थित जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल भेजा गया है। यह राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत किया गया है।

बच्चों को पटना रवाना करते समय जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक – जिला स्वास्थ्य समिति कटिहार, डीआईसी मैनेजर RBSK और RBSK के डॉक्टर प्रशांत कुमार झा मौजूद थे। सभी बच्चों को एंबुलेंस से भेजा गया। स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा के दौरान बच्चों और अभिभावकों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की है।

RBSK टीम ने जिले के विभिन्न प्रखंडों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए थे। इन्हीं शिविरों के दौरान इन बच्चों में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण पाए गए। प्रारंभिक जांच के बाद, सभी बच्चों का ईको और अन्य आवश्यक टेस्ट कराए गए, जिसके आधार पर उन्हें इलाज के लिए चयनित किया गया।

डॉक्टर प्रशांत कुमार झा ने बताया कि हृदय रोग का शुरुआती अवस्था में इलाज होने से बच्चों का जीवन सामान्य हो सकता है। जयप्रभा मेदांता हॉस्पिटल में इन बच्चों का ऑपरेशन और उपचार निःशुल्क किया जाएगा। इलाज का पूरा खर्च राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।

इलाज के लिए पटना भेजे गए बच्चों के अभिभावकों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया। एक अभिभावक ने कहा, “हमारे पास पटना में इलाज कराने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं थे। सरकार की इस योजना से हमारे बच्चे को नया जीवन मिलेगा।”

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) का मुख्य उद्देश्य 0 से 18 वर्ष तक के बच्चों में ‘4D’ (जन्मजात रोग, कमी, विकास में देरी और बीमारियाँ) की समय पर पहचान कर उन्हें निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराना है।

कटिहार में भी नियमित स्वास्थ्य जांच कर गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों को चिन्हित कर बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है।
सिविल सर्जन जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि आगे भी जिले में शिविर लगाकर अधिक से अधिक बच्चों की जांच की जाएगी, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा इलाज से वंचित न रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि अभिभावक अपने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं और किसी भी लक्षण पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या RBSK टीम से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!