आवास सहायक की 2 पत्नियां आपस में भिड़ी: कटिहार समाहरणालय में डंडे से किया हमला, बीच बचाव करते दिखे पति

आवास सहायक की 2 पत्नियां आपस में भिड़ी: कटिहार समाहरणालय में डंडे से किया हमला, बीच बचाव करते दिखे पति

संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार

कटिहार समाहरणालय परिसर में एक आवास सहायक की दो पत्नियां आमने-सामने आ गई। दोनों महिलाओं के बीच जमकर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं हाथों में डंडा लेकर एक-दूसरे से भिड़ने को तैयार थीं। इस दौरान बीच में मौजूद आवास सहायक रंजीत कुमार पासवान ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया।

बारसोई से अपने बेटे के साथ समाहरणालय पहुंची एक महिला ने अपने पति रंजीत कुमार पासवान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

महिला के अनुसार, करीब 14 वर्ष पूर्व फलका थाना क्षेत्र के पोठिया निवासी रंजीत कुमार पासवान से उसकी शादी हुई थी। महिला का दावा है कि करीब चार साल पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। इस रिश्ते से उनका एक बेटा है।

बेटे के भरण-पोषण के लिए खर्च नहीं देने का आरोप

महिला का आरोप है कि शादी के समय रंजीत कुमार पासवान ने खुद को अविवाहित बताया था। हालांकि, बाद में उसे जानकारी मिली कि रंजीत पहले से शादीशुदा हैं और उनके तीन बच्चे भी हैं। महिला का यह भी आरोप है कि इसके बावजूद रंजीत पहली पत्नी के साथ रह रहे हैं और उसे तथा उसके बेटे के भरण-पोषण के लिए कोई खर्च नहीं देते।

महिला ने बताया कि वह अपने अधिकार और बेटे के हक की मांग को लेकर समाहरणालय पहुंची थी। इसी दौरान वहां पहली पत्नी से उसका आमना-सामना हो गया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया।

पंचायत में सुलझाया जा रहा विवाद

फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच उत्पन्न विवाद को पंचायत के माध्यम से सुलझाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस अथवा प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!