कटिहार के बलिया बेलौन में 14 साल के किशोर की गला रेतकर हत्या: धान के खेत में मिला शव, पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने कटिहार भेजा
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार बिहार
कटिहार के बलिया बेलौन थाना क्षेत्र में मंगलवार को धान के खेत से 14 वर्षीय किशोर का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान मधाईपुर पंचायत के वार्ड संख्या 5 निवासी मो. आरिफ के बेटे मो. खादिम के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किशोर की गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका है।
धान के खेत में मिला शव
किशोर का शव गांव के पास धान के खेत में पड़ा मिला। ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ने के बाद उन्होंने परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर बलिया बेलौन थाना प्रभारी मो. शहीद हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, किशोर की हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ घटनास्थल और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
