दो माह से अतिरिक्त ट्रांसफार्मर में बिजली आपूर्ति नहीं, जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने किया घेराव

दो माह से अतिरिक्त ट्रांसफार्मर में बिजली आपूर्ति नहीं, जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे के नेतृत्व में ग्रामीणों ने किया घेराव

मस्तूरी। ग्राम जैतपुर में अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बावजूद पिछले करीब दो माह से विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे द्वारा करीब दो माह पूर्व विद्युत आपूर्ति शुरू कराने के लिए विभाग को आवेदन दिया गया था, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों का सब्र टूट गया।

समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे के नेतृत्व में आज विद्युत विभाग के कार्यालय का घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि जब अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाया जा चुका है तो उसमें विद्युत आपूर्ति शुरू करने में इतनी देरी क्यों की जा रही है।

घेराव के दौरान ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से कहा कि “जब तक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं होगी, तब तक हम कार्यालय नहीं छोड़ेंगे।” ग्रामीणों ने तत्काल केबल लगाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को लेकर दो माह पहले ही विभाग को आवेदन दिया गया था, लेकिन लगातार मांग और सूचना के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा के लिए इस तरह परेशान होना दुर्भाग्यपूर्ण है। जब तक समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक ग्रामीणों की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

संवाददाता -महेंद्र सिंह राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!