किशनगंज श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज द्वारा जिला अभिलेखागार प्रशाखा का निरीक्षण किया गया।

किशनगंज श्री नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज द्वारा जिला अभिलेखागार प्रशाखा का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के क्रम में जिला अभिलेखागार में संधारित अभिलेखों, ऑफलाइन एवं ऑनलाइन लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अभिलेखों की स्क्रीनिंग, अभिलेखों के आधुनिकीकरण तथा राजस्व एवं भू-अभिलेखों के ऑनलाइन उपलब्धता से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी महोदय ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि जिला अभिलेखागार में लंबित सभी ऑफलाइन एवं ऑनलाइन मामलों की सूची तैयार कर उनका प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा आम नागरिकों को अभिलेखों की खोज, सत्यापन एवं संबंधित सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।

जिला पदाधिकारी महोदय ने अभिलेखों की व्यवस्थित स्क्रीनिंग एवं आधुनिकीकरण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिया कि अभिलेखों का वर्गीकरण निर्धारित मानकों एवं नियमानुसार किया जाए। पुराने एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों की पहचान कर उनका उचित संधारण सुनिश्चित किया जाए तथा अभिलेखों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थित किया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित दस्तावेजों को आसानी से खोजा जा सके और उनका उपयोग किया जा सके।

उन्होंने जिला अभिलेखागार में संरक्षित राजस्व अभिलेखों एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के विधिवत संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि अभिलेख प्रशासनिक कार्यों, राजस्व संबंधी मामलों तथा नागरिकों के विभिन्न दावों के निष्पादन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी अभिलेखों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं संरक्षित रखना संबंधित कर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। अभिलेखों के रखरखाव में निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन किया जाए तथा उनके क्षतिग्रस्त होने, गुम होने अथवा अव्यवस्थित होने की आशंका को रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरती जाएं।

राजस्व संबंधी अभिलेखों एवं भू-अभिलेखों के डिजिटलीकरण और ऑनलाइन उपलब्धता की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि संबंधित अभिलेखों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। डिजिटल माध्यम से अभिलेखों की उपलब्धता सुनिश्चित करने से दस्तावेजों की खोज एवं सत्यापन में सुविधा होगी तथा राजस्व प्रशासन के कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। साथ ही, ऑनलाइन उपलब्ध अभिलेखों की प्रविष्टियों की शुद्धता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभिलेखागार के सभी कार्यों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए। अभिलेखों के संधारण, संरक्षण एवं आधुनिकीकरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित और प्रभावी बनाते हुए कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अभिलेखागार में उपलब्ध महत्वपूर्ण दस्तावेजों का सुरक्षित संरक्षण, राजस्व एवं भू-अभिलेखों की सुलभ उपलब्धता तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करना सुनिश्चित करेंगे।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता राजस्व,प्रभारी पदाधिकारी जिला अभिलेखागार सहित संबंधित कर्मीगण आदि उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!