छठ पूजा के दौरान सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे द्वारा व्यापक व्यवस्था

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

छठ पूजा के दौरान सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे द्वारा व्यापक व्यवस्था

• त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 984 विशेष ट्रेन ट्रिपों की व्यवस्था*

• महाप्रबंधक, पूर्व रेलवे द्वारा भीड़ प्रबंधन एवं विशेष ट्रेनों के परिचालन की व्यक्तिगत रूप से निगरानी*

कोलकाता, 11 नवंबर, 2026:

छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस दौरान अतिरिक्त ट्रेनों के परिचालन, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा तथा रेल परिचालन की निरंतर निगरानी पर विशेष जोर दिया गया है।

पश्चिम बंगाल, बिहार एवं झारखंड के प्रमुख स्टेशनों, जिनमें हावड़ा, सियालदह, कोलकाता, आसनसोल, जसीडीह, देवघर, मालदा टाउन, भागलपुर, सुल्तानगंज, गोड्डा एवं जमालपुर शामिल हैं, पर त्योहार से पहले, त्योहार के दौरान तथा उसके बाद यात्रियों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत प्रबंध किए गए हैं।

*छठ पूजा के लिए 984 विशेष ट्रेन ट्रिपों की व्यवस्था*

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए तथा उन्हें अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाने की सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से दिनांक 1 से 30 नवंबर, 2026 तक कुल 984 विशेष ट्रेन ट्रिपों की व्यवस्था की गई है।

*इनमें शामिल हैं:*

• 662 आरक्षित विशेष ट्रेन ट्रिप
• 322 अनारक्षित विशेष ट्रेन ट्रिप

कुल 984 ट्रिपों में से 506 ट्रिपों का परिचालन पूर्व रेलवे द्वारा किया जा रहा है, जबकि 478 ट्रिप अन्य रेल जोनों द्वारा संचालित की जा रही हैं, जो पूर्व रेलवे के क्षेत्र से प्रारंभ होती हैं अथवा होकर गुजरती हैं।

*प्रमुख प्रारंभिक क्षेत्रों के अनुसार विशेष ट्रेन ट्रिपों की योजना निम्नलिखित है:*

• कोलकाता क्षेत्र (हावड़ा, सियालदह/कोलकाता) – 409
• मालदा टाउन/भागलपुर क्षेत्र – 323
• आसनसोल/जसीडीह/देवघर क्षेत्र – 252

*कुल – 984 विशेष ट्रेन ट्रिप*

इन अतिरिक्त सेवाओं से बिहार सहित देश के अन्य महत्वपूर्ण गंतव्यों के लिए रेल संपर्क में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में पर्याप्त सहायता मिलेगी।

*व्यापक भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुरक्षा संबंधी उपाय*

प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ को न्यूनतम करने के लिए पूर्व रेलवे द्वारा कई महत्वपूर्ण उपाय किए गए हैं।

*समर्पित यात्री होल्डिंग एरिया:* प्रमुख स्टेशनों पर प्रतीक्षारत यात्रियों के लिए विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों को व्यवस्थित रूप से ठहराने तथा उन्हें नियंत्रित तरीके से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, जिससे प्लेटफॉर्म पर अत्यधिक भीड़भाड़ को रोका जा सके।

*यात्री मार्गदर्शन की बेहतर व्यवस्था:* यात्रियों की सहायता के लिए ट्रेनों के समय, प्लेटफॉर्म आवंटन तथा यात्रा से संबंधित अन्य आवश्यक जानकारियों की नियमित उद्घोषणा एवं समय पर सूचना उपलब्ध कराई जा रही है।

*सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था:* रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों एवं अन्य रेलकर्मियों द्वारा स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों तथा सर्कुलेटिंग एरिया में कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके।

*विशेष ट्रेनों के परिचालन में समन्वय:* विशेष ट्रेनों का सुचारु परिचालन तथा यात्रियों की प्रभावी निकासी सुनिश्चित करने के लिए परिचालन, वाणिज्य, सुरक्षा एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच घनिष्ठ समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

*समर्पित वार रूम के माध्यम से 24×7 निगरानी*

पूर्व रेलवे मुख्यालय एवं मंडल स्तर पर समर्पित वार रूम स्थापित किए गए हैं, जो वरिष्ठ रेल अधिकारियों की निगरानी में चौबीसों घंटे कार्यरत हैं।

इन वार रूम के माध्यम से यात्रियों की भीड़, भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं, ट्रेनों की आवाजाही तथा विशेष ट्रेनों की समयपालन स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल हस्तक्षेप एवं उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

*महाप्रबंधक द्वारा व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत निगरानी*

पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय द्वारा प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं एवं छठ पूजा विशेष ट्रेनों की आवाजाही की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जा रही है, ताकि यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

त्योहार के दौरान ट्रेनों का समय पर परिचालन, यात्रियों की आवाजाही का प्रभावी नियमन तथा परिचालन संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

*पूर्व रेलवे की यात्रियों से सहयोग की अपील*

*पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी श्री शिवराम माझी ने कहा:*

“छठ पूजा के दौरान सभी यात्रियों की सुरक्षित, संरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करना पूर्व रेलवे की प्रतिबद्धता है। अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं, भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। हम यात्रियों से अपील करते हैं कि वे रेलवे की उद्घोषणाओं का पालन करें, व्यवस्थित रूप से कतार में रहें तथा सुचारु एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलकर्मियों का सहयोग करें।”

पूर्व रेलवे ने यात्रियों से यह भी अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म के किनारों पर भीड़ न लगाएं, रेलवे ट्रैक पार करने से बचें, निर्धारित प्रवेश एवं निकास मार्गों का उपयोग करें तथा रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

पूर्व रेलवे यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने तथा छठ पूजा के पावन अवसर पर उन्हें अपने प्रियजनों के साथ त्योहार मनाने के लिए सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने हेतु प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!