बीएयू सबौर में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन का हुआ समापन, अंगीकृत हुआ ‘सबौर घोषणापत्र–2026’

डेस्क/बिहार
लोकेशन/भागलपुर
रिपोर्ट/अमित कुमार
9798944840

बीएयू सबौर में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन का हुआ समापन, अंगीकृत हुआ ‘सबौर घोषणापत्र–2026’

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं *“Advancements for Next Generation Agriculture (ANGA–2026)”* राष्ट्रीय सम्मेलन का आज दूसरे एवं अंतिम दिन समापन हुआ। सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण *‘सबौर घोषणापत्र–2026’ (The Sabour Declaration–2026)* का अंगीकरण रहा, जो भारतीय कृषि के भविष्य के लिए देश के कृषि विश्वविद्यालयों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक रहेगा ।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के माननीय ग्रामीण विकास विभाग एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री श्री श्रवण कुमार रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर माननीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित स्टार्टअप प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा कृषि आधारित नवाचारों एवं उद्यमिता से संबंधित गतिविधियों की जानकारी ली। इसके उपरांत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ समापन समारोह की शुरुआत हुई।

अपने उद्बोधन में माननीय मंत्री *श्री श्रवण कुमार* ने कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन पूरे बिहार के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस दो दिवसीय सम्मेलन में हुए विचार-विमर्श एवं निकले निष्कर्ष बिहार के साथ-साथ पूरे देश की कृषि को नई दिशा और मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। कृषि के भविष्य को बेहतर बनाने में कृषि विश्वविद्यालयों एवं वैज्ञानिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति एवं भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) के अध्यक्ष *डॉ. डी. आर. सिंह* ने अपने संबोधन में कहा कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन में दो दिनों तक देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों एवं कृषि वैज्ञानिकों ने विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन मंथन किया। इसमें कृषि शिक्षा, अनुसंधान, जलवायु परिवर्तन और कृषि उद्यमिता जैसे विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ। इन चर्चाओं से प्राप्त महत्वपूर्ण निष्कर्षों एवं सुझावों को ‘सबौर घोषणापत्र–2026’ में शामिल किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह घोषणापत्र भारतीय कृषि के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भारत सरकार की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) से जुड़े *श्री के. वी. अय्यर* ने अपने संबोधन में योजना के माध्यम से कृषि उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं प्रोत्साहनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भविष्य की खेती युवा उद्यमियों पर निर्भर करेगी। कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीक एवं उद्यमिता को बढ़ावा देकर युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है।

भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के पूर्व उप महानिदेशक (विस्तार) *डॉ. के. डी. कोकाटे* ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य कारणों से कृषि आज भी एक तनावपूर्ण और चुनौतीपूर्ण कार्य बना हुआ है। किसानों के तनाव एवं चुनौतियों को कम करना ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि का योगदान लगभग 20 प्रतिशत है। ऐसे में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी राज्यों को मिलकर एक प्रभावी कृषि विस्तार नीति (Agriculture Extension Policy) तैयार करने की आवश्यकता है।

ICAR के वर्तमान उप महानिदेशक (विस्तार) डॉ. यसपाल मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत की लगभग 50 करोड़ आबादी गरीबी रेखा से ऊपर उठ चुकी है और इसमें कृषि क्षेत्र का सबसे बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने सम्मेलन की सार्थकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच कृषि नीतियों के निर्माण में मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं। देश के कृषि विश्वविद्यालयों के बीच संवाद, सहयोग एवं विचारों का आदान-प्रदान कृषि क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण साबित होगा।

*सबौर घोषणापत्र–2026 : भारतीय कृषि के भविष्य के लिए सामूहिक संकल्प*

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर, भागलपुर में 29 नवंबर 2026 को भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन एवं ANGA–2026 के अवसर पर **‘सबौर घोषणापत्र–2026’ (The Sabour Declaration–2026)* अंगीकृत किया गया।

यह घोषणापत्र भारतीय कृषि के भविष्य को नई दिशा देने के लिए देश के कृषि विश्वविद्यालयों की सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। *‘Transform, Innovate, Collaborate and Sustain’* अर्थात रूपांतरण, नवाचार, सहयोग और स्थिरता इसके मूल आधार हैं। इसका उद्देश्य अगली पीढ़ी की कृषि व्यवस्था का विकास, कृषि विश्वविद्यालयों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना तथा एक टिकाऊ एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना है।

यह घोषणापत्र कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं नवाचार को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और भारतीय कृषि को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका मूल संदेश है—*‘सबौर से भारतीय कृषि के भविष्य की ओर’ (From Sabour to the Future of Indian Agriculture)।*

दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन ने देश के 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति एवं कृषि वैज्ञानिकों ने भाग लिया एवं सभी को एक साझा मंच प्रदान किया, जहां कृषि के वर्तमान परिदृश्य, भविष्य की चुनौतियों तथा संभावनाओं पर व्यापक मंथन हुआ। ‘सबौर घोषणापत्र–2026’ के अंगीकरण के साथ सम्मेलन का समापन भारतीय कृषि को अधिक नवोन्मेषी, टिकाऊ एवं आत्मनिर्भर बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!