तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को रौदा सहारा छिनने से मचा कोहराम

डेस्क बिहार भागलपुर
18-11-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को रौदा सहारा छिनने से मचा कोहराम

बांका कटोरिया प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत बांका-कटोरिया मुख्य मार्ग पर बहदिया मोड़ के समीप मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बुजुर्ग की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया
मृतक की पहचान सिमराकुरा गांव निवासी बुनो साह के 62 वर्षीय पुत्र लुटन साह के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, वे मंगलवार सुबह साइकिल से छठ पर्व का प्रसाद खाने बहदिया गांव स्थित अपने ससुराल गए थे। वहां से घर लौटने के क्रम में अपराह्न करीब 3 बजे जैसे ही वे बांका-कटोरिया मुख्य मार्ग पर पहुंचे, कटोरिया की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया
हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ देर के लिए बांका-कटोरिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना मिलते ही जमदाहा ओपाध्यक्ष मो आशिफ अख्तर दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय बुद्धिजीवी राजेश चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोगों और पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात बहाल किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया
लुटन साह की मौत की खबर मिलते ही सिमराकुरा गांव स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व ही बीमारी के कारण उनके इकलौते पुत्र नेपाली साह का निधन हो गया था। बेटे की मौत के बाद से बुजुर्ग लुटन साह ही मेहनत-मजदूरी कर अपनी विधवा बहू और पोते की देखभाल कर रहे थे। परिवार में वे एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। अब उनकी असमय मृत्यु से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके समक्ष भरण-पोषण का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!