वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में चला व्यापक वाहन जांच अभियान

अमित कुमार, भागलपुर (बिहार)

भागलपुर जिले में वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना क्षेत्रों में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय थाना पुलिस द्वारा आज अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

यह अभियान कंपनी बाघ मोड़, आसानंदपुर मोड़, विश्वविद्यालय थाना परिसर, टीएनबी कॉलेज मोड़ सहित अन्य प्रमुख चौक-चौराहों पर संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व विश्वविद्यालय थाना अध्यक्ष अभिनव कुमार ने किया। इस दौरान गश्ती पदाधिकारी विकास कुमार, चार पुरुष सिपाही एवं दो महिला सिपाही मौजूद रहे।

थाना अध्यक्ष अभिनव कुमार ने बताया कि बढ़ती ठंड और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहन चालकों को विशेष रूप से सतर्क रहने की हिदायत दी गई। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सड़क पर सुरक्षित ढंग से वाहन चलाएं, हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा ठंड से बचाव के लिए गर्म पोशाक पहनें।

इसके साथ ही वाहन चालकों के लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। पुलिस द्वारा यह भी बताया गया कि सभी दस्तावेज अपडेट रखने से वाहन चालकों का समय बचता है और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।

वाहन जांच के दौरान चालकों ने पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही इस पहल की सराहना की और कहा कि यह अभियान उनके जीवन और सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने भविष्य में भी यातायात नियमों का पालन करने का भरोसा दिलाया।

पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि वाहन जांच अभियान के दौरान किसी प्रकार की कोई कमी या अनियमितता नहीं पाई गई। आगे भी सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!