समाजसेवा को समर्पित रहा पूरनमल बाजोरिया का जीवन: सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर में पुण्यतिथि समारोह आयोजित

संवाददाता: शुभम कुमार | भागलपुर

भागलपुर के नाथनगर निवासी महान समाजसेवी पूरनमल बाजोरिया की पुण्यतिथि सैनिक स्कूल गणपत राय सलारपुरिया सरस्वती विद्या मंदिर, भागलपुर में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रोफेसर मधुसूदन झा, प्रभाष मिश्र, विद्यालय के प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, जिला निरीक्षक सतीश कुमार सिंह, अशोक कुमार मिश्रा, कोषाध्यक्ष तिलक राज वर्मा, समाजसेवी अनूप लाल साह तथा प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं पूरनमल बाजोरिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने पूरनमल बाजोरिया के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताया। प्रभाष मिश्र ने कहा कि पूरनमल बाजोरिया का जीवन दया, साहस, परोपकार और निस्वार्थ सेवा जैसे गुणों से परिपूर्ण था। उनके सकारात्मक सहयोग और दूरदर्शी सोच के कारण ही एक छोटा सा विद्यालय आज वटवृक्ष के रूप में समाज को दिशा दे रहा है। उन्होंने बताया कि पूरनमल बाजोरिया शिक्षण प्रशिक्षण महाविद्यालय, पूरनमल सरस्वती शिशु मंदिर तथा सरस्वती शिशु वाटिका जैसी अनेक सामाजिक संस्थाएं उनकी प्रेरणादायक सोच का परिणाम हैं। वे शारीरिक, सामाजिक, मानसिक एवं आर्थिक रूप से लोगों की सहायता करते थे, इसी कारण आज भी वे पूजनीय एवं स्मरणीय हैं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रोफेसर मधुसूदन झा ने कहा कि पूरनमल बाजोरिया का संपूर्ण जीवन समाज सेवा के लिए ही समर्पित रहा। उनके यश, कर्तव्यनिष्ठा, उदारता, सहयोग भावना और परोपकार के कारण वे सदैव स्मरणीय रहेंगे। समाज के लिए जीने वाले, दानी स्वभाव के और सामाजिक सरोकारों से जुड़े पूरनमल बाजोरिया आज भी अमर हैं। उन्होंने उन्हें अनुशासनप्रिय, परिश्रमी तथा मानवता एवं संस्कृति के संरक्षण के प्रति समर्पित महामानव बताया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अशोक कुमार मिश्रा ने किया। इस अवसर पर महेश कुंवर, मनोज तिवारी, शशि भूषण मिश्रा, अभिनंदन सिंह, अनूप लाल साह सहित कई गणमान्य अतिथियों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में शिशु मंदिर, विद्या मंदिर एवं समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ दीपक कुमार झा भी उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन का वातावरण श्रद्धा, प्रेरणा और समाजसेवा के मूल्यों से ओतप्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!