ठाकुरगंज प्रखंड के लिए मानवता और सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। प्रखंड की पूर्व प्रमुख रजिया सुल्तान को हड्डी के ऑपरेशन के दौरान रक्त की आवश्यकता पड़ी। जैसे ही यह खबर सोशल मीडिया के माध्यम से फैली, भातगांव पंचायत के नेमिगुरी गांव निवासी अल्फाज अहमद तुरंत मदद के लिए आगे आए और रक्तदान कर पूर्व प्रमुख की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बताया जाता है कि रजिया सुल्तान का हाल ही में हड्डी का ऑपरेशन होना था, जिसमें डॉक्टरों ने रक्त की आवश्यकता जताई थी। परिजनों और शुभचिंतकों द्वारा सोशल मीडिया पर रक्त की अपील की गई। इस अपील को देखते ही अल्फाज अहमद ने बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया।
गौरतलब है कि अल्फाज अहमद कुछ ही दिन पहले पवित्र उमराह अदा कर अपने वतन लौटे हैं। उमराह से वापसी के बाद उनका यह मानवीय कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। लोगों ने उनके इस कार्य की सराहना करते हुए इसे इंसानियत और भाईचारे की मिसाल बताया।
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे युवाओं से समाज को प्रेरणा मिलती है। अल्फाज अहमद के इस कदम ने यह साबित कर दिया कि जरूरत के समय आगे आकर किसी की मदद करना ही सच्ची सेवा है।
पूर्व प्रमुख रजिया सुल्तान के परिजनों ने भी अल्फाज अहमद के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग से समय पर रक्त उपलब्ध हो सका, जिससे ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया जा सका।
