बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में राष्ट्रीय किसान मेला का भव्य शुभारम्भ

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में राष्ट्रीय किसान मेला का भव्य शुभारम्भ

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/बिहार।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आज तीन दिवसीय राष्ट्रीय किसान मेला 2026 का भव्य शुभारम्भ हुआ। 16 से 18 मार्च तक आयोजित होने वाले इस मेले का मुख्य विषय “दलहन एवं तिलहन उत्पादन में वृद्धि द्वारा पोषण एवं खाद्य सुरक्षा” रखा गया है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, कृषि वैज्ञानिक, कृषि उद्यमी तथा कृषि क्षेत्र में रुचि रखने वाले लोग उपस्थित हुए।
मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर “डिजिटल एग्रीकल्चर” विषयक सेमिनार का उद्घाटन किया गया तथा मेले का औपचारिक प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसमें विश्वविद्यालय के अनुसंधान एवं प्रसार कार्यों की जानकारी दी गई। इसके बाद विश्वविद्यालय की छात्राओं द्वारा विश्वविद्यालय गीत प्रस्तुत किया गया तथा सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री सय्यद शाहनवाज़ हुसैन ने मेले का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय किसानों के हित में निरंतर उत्कृष्ट और अभूतपूर्व कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के किसान मेले से किसानों को नई तकनीक, उन्नत किस्मों और आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी मिलती है, जिससे उनकी आय में वृद्धि संभव है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित माननीय सदस्य विधान परिषद श्रीमती अनामिका सिंह ने अपने ओजस्वी संबोधन से किसानों में उत्साह का संचार किया। उन्होंने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय किसानों और कृषि विकास के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे नई तकनीकों और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर अपनी कृषि को अधिक लाभकारी बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बिहार कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में दलहनी एवं तिलहनी फसलों के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश और राज्य में पोषण सुरक्षा तथा खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है। कुलपति ने बताया कि बिहार कृषि विश्वविद्यालय में वर्तमान में दलहनी फसलों से संबंधित 18 परियोजनाएँ तथा तिलहनी फसलों से संबंधित 24 परियोजनाएँ संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने आगे बताया कि तीसी (अलसी) के क्षेत्र में बिहार कृषि विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय द्वारा अब तक तीसी की पाँच उन्नत किस्में विकसित की जा चुकी हैं और देश में उत्पादित कुल नाभिकीय बीज का लगभग 22 प्रतिशत अकेले बिहार कृषि विश्वविद्यालय द्वारा उत्पादित किया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य किसानों तक उन्नत तकनीक और बेहतर बीज पहुँचाकर उनकी आय में वृद्धि करना है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कई महत्वपूर्ण प्रकाशनों का विमोचन किया गया, जिनमें “बिहार किसान डायरी-2026”, “कृषक संदेश” तथा “मशरूम उत्पादन एवं मधुमक्खी पालन” शामिल हैं। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा विकसित “मिलेट न्यूट्री टिफिन बॉक्स” उत्पाद का भी लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों को नवाचारी किसान सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में राजीव गोयल (उपाध्यक्ष, Adani Power Limited, पीरपैंती), डॉ विवेकानंद सिंह (कुलपति, Purnea University), डॉ संजय कुमार चौधरी,कुलपति, Lalit Narayan Mithila University, दरभंगा), डॉ बिम्लेंदु झा (कुलपति, Bhupendra Narayan Mandal University, मधेपुरा एवं Tilka Manjhi Bhagalpur University से संबद्ध) आदि मौजूद रहे।
राष्ट्रीय किसान मेले में इस वर्ष किसानों के लिए विशेष आकर्षण के रूप में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें विभिन्न कृषि संस्थानों, निजी कंपनियों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों द्वारा उन्नत कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रों, बीजों तथा कृषि आधारित उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
मेले का मुख्य आकर्षण उद्यम एवं पुष्प प्रदर्शनी तथा नवाचारी पवेलियन है, जहाँ कृषि के क्षेत्र में नई तकनीकों, स्टार्टअप्स और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त किसानों को प्रशिक्षण, परामर्श तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस मेले में किसानों के लिए विभिन्न तकनीकी सत्र, प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषि विशेषज्ञों से संवाद तथा उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि यह किसान मेला किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और नवाचार का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा तथा राज्य में कृषि के समग्र विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।
कार्यक्रम में स्वागत भाषण निदेशक अनुसन्धान डॉ अनिल कुमार सिंह ने दिया एवं धयवाद ज्ञापन निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ एस के पाठक द्वारा किया गया |

*श्रोताओं को दिया गया रेडियो* : बिहार कृषि विश्वविद्यालय सबौर के सामुदायिक रेडियो स्टेशन एफएम ग्रीन के श्रोताओं को अतिथियों द्वारा रेडियो सेट वितरित किया गया एवं रेडियो सुनने के लिए मंच से प्रेरित किया गया |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!