बिजली उपभोक्ताओं ने मांगी बिजली, लेकिन बिजली के बजाय मिली गाली-गलौज”

बिजली उपभोक्ताओं ने मांगी बिजली, लेकिन बिजली के बजाय मिली गाली-गलौज”

 

जेई पर गाली-गलौज और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ज़की हमदम किशनगंज

किशनगंज। ठाकुरगंज प्रखंड के कनकपुर पंचायत में बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर बिजली उपभोक्ताओं के साथ गाली-गलौज करने, ट्रांसफार्मर खोलने की धमकी देने तथा झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए राजद के वरिष्ठ नेता मुश्ताक आलम, पूर्व विधायक अंजार नईम और पूर्व विधायक मास्टर मुजाहिद आलम ने किशनगंज के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर संबंधित जेई को निलंबित करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान करते हैं और उसी के आधार पर बिजली का उपयोग करते हैं। ऐसे में बिजली उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देना स्वीकार्य नहीं है। ग्रामीणों ने कहा कि “हम बिजली का पैसा देते हैं, फिर हमें गाली क्यों दी जा रही है? उपभोक्ताओं के पैसे से ही विभाग चलता है और कर्मचारियों को वेतन मिलता है।”

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई और संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना-प्रदर्शन और आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। साथ ही प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!