फुलबरिया बाजार की बदहाल सड़क, कब मिलेगा लोगों को राहत?
रिपोर्टर मुजाहीर किशनगंज
किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड के फुलबरिया बाजार से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है।
दूर-दराज क्षेत्र से एक महिला अपने सिर पर बोरी रखकर बाजार की ओर जा रही हैं, ताकि सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। लेकिन रास्ते की हालत इतनी खराब है कि उन्हें कीचड़ भरे रास्ते में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तस्वीरों में देखा जा सकता है कि महिला अपनी साड़ी संभालते हुए कीचड़ में फंसे चप्पल को निकालने की कोशिश कर रही हैं। यह सिर्फ एक महिला की परेशानी नहीं, बल्कि उन तमाम ग्रामीणों की समस्या है जो रोज इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं।
टेढ़ागाछ प्रखंड का प्रमुख बाजार होने के बावजूद यहां की सड़क व्यवस्था लोगों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि आखिर कब तक उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा?
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
