बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में प्राकृतिक खेती विषय पर कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में प्राकृतिक खेती विषय पर कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

रिपोर्ट – अमित कुमार भागलपुर/ बिहार।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में प्राकृतिक खेती विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आत्मा, भागलपुर एवं कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों एवं प्रसार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में बिहार सरकार के नगर विकास एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री माननीय श्री नीतीश मिश्रा, भागलपुर के माननीय विधायक श्री रोहित पांडेय, पीरपैंती के माननीय विधायक श्री मुरारी पासवान तथा भारतीय जनता पार्टी, भागलपुर के जिला अध्यक्ष श्री संतोष कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत बिहार कृषि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र प्रदान कर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री नीतीश मिश्रा ने कहा, “जब हम वर्तमान में जीते हैं तो भविष्य की चिंता नहीं करते, लेकिन यदि आज हम अपने खेतों की मिट्टी की चिंता नहीं करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों का जीवन सुखमय नहीं हो सकेगा।” उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती टिकाऊ कृषि की गारंटी है। बिहार कृषि विश्वविद्यालय के योगदानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। यदि कृषि को तकनीक से जोड़कर और बेहतर कार्य करने की आवश्यकता होगी तो सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि किसान तकनीक से दूर न भागें, बल्कि उसे स्वीकार करें।

भागलपुर के माननीय विधायक श्री रोहित पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि “प्राकृतिक खेती के मूल में वैदिक खेती की अवधारणा निहित है।”

पीरपैंती के माननीय विधायक श्री मुरारी पासवान ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने में बिहार कृषि विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और आशा है भविष्य में भी विश्वविद्यालय इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।

बिहार कृषि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति डॉ. डी. आर. सिंह ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग के दुष्परिणाम आज विभिन्न बीमारियों के रूप में सामने आ रहे हैं। यदि हम आज से प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होते हैं तो न केवल अपने स्वास्थ्य की रक्षा करेंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी बेहतर पर्यावरण एवं उपजाऊ भूमि सौंप सकेंगे। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी कुल कृषि भूमि के कम-से-कम 25 प्रतिशत भाग पर प्राकृतिक खेती अवश्य अपनाएँ। उन्होंने कहा कि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ टिकाऊ खेती पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

कुलपति डॉ. सिंह ने माननीय मंत्री से भागलपुर की पहचान जर्दालू आम, कतरनी धान एवं सिल्क की ब्रांडिंग के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय में एक विशेष केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के प्रशिक्षण हेतु विश्वविद्यालय में एक समर्पित प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने पर भी विचार करने का अनुरोध किया।

कार्यक्रम का परिचय प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. एस. के. पाठक ने कराया, जबकि मंच संचालन डॉ. एम. जेड. होदा ने किया।

उद्घाटन सत्र के उपरांत तकनीकी सत्र का आयोजन किया गया, जिसका संचालन कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर की वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. (श्रीमती) अनीता कुमारी ने किया। तकनीकी सत्र में प्राकृतिक खेती की विभिन्न तकनीकों, इसके लाभों तथा किसानों के लिए उपलब्ध अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!