सैनो और पुरैनी दक्षिणी पंचायत में विकसित भारत–समृद्ध बिहार सहयोग शिविर आयोजित
27 भूमिहीन परिवारों को मिला पर्चा, नए लाभुकों के बीच राशन कार्ड का वितरण
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर, भागलपुर। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जगदीशपुर प्रखंड के सैनो एवं पुरैनी दक्षिणी पंचायत में विकसित भारत–समृद्ध बिहार सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भूमिहीन परिवारों को भूमि संबंधी अधिकार उपलब्ध कराने तथा पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
सैनो पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान 10 भूमिहीन परिवारों को भूमि का पर्चा (स्वामित्व प्रमाण-पत्र) प्रदान किया गया। इसके साथ ही नए पात्र लाभुकों के बीच राशन कार्ड का भी वितरण किया गया। राशन कार्ड मिलने से लाभुकों में खुशी का माहौल देखा गया। ग्रामीणों ने कहा कि इससे उन्हें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न का लाभ नियमित रूप से प्राप्त हो सकेगा।
वहीं, पुरैनी दक्षिणी पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान 17 भूमिहीन परिवारों को भूमि का पर्चा प्रदान किया गया। अंचलाधिकारी सतीश कुमार ने लाभुकों को पर्चा सौंपते हुए कहा कि सरकार भूमिहीन परिवारों को भूमि अधिकार दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने उपस्थित लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
शिविर में राजस्व विभाग, आपूर्ति विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और आवश्यक मार्गदर्शन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
अंचलाधिकारी ने बताया कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा पात्र लाभुकों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराना है। शिविर के सफल आयोजन से लाभुकों में उत्साह देखा गया और लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
