किशनगंज: जिले में अपराध नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक श्री संतोष कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ संचालित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने सड़कों पर गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों से आवश्यक कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र की जांच की गई। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चारपहिया चालकों के लिए सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। कई स्थानों पर बिना कागजात, बिना हेलमेट और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना भी लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
किशनगंज पुलिस द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
