डेस्क बिहार भागलपुर
15-10-2026
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा
भागलपुर बिहार
सिटी एसपी ने किया जगदीशपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण, थानाध्यक्ष को दिए कड़े निर्देश, लंबित कांडों को जल्द निपटाने पर जोर
भागलपुर जिले में पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने और थानों की कार्यशैली में सुधार लाने के उद्देश्य से वरीय अधिकारियों द्वारा लगातार थानों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भागलपुर सिटी एसपी अतुलेश झा ने जगदीशपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया।
उन्होंने थाने के अभिलेखों, मालखाना, हाजत, सिरिस्ता शाखा, महिला हेल्प डेस्क और थाना परिसर की साफ-सफाई का जायजा लिया। थाने में रखे गए हथियारों और दस्तावेजों के रखरखाव को भी देखा और रजिस्टरों को अपडेट रखने का निर्देश दिया
निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए सिटी एसपी अतुलेश झा ने कहा कि यह नियमित वार्षिक निरीक्षण का हिस्सा है। इस दौरान थाने के रिकॉर्ड, लंबित कांडों की स्थिति, आम जनता से थाने के संबंध कैसे हैं, क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था कैसी है और थाने की छवि को बेहतर करने को लेकर वरीय पदाधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का कितना अनुपालन हो रहा है, इन सभी की समीक्षा की गई है।
उन्होंने बताया कि जगदीशपुर थाने में फिलहाल 70 से कम केस लंबित हैं। पुलिस का प्रयास है कि लंबित कांडों की संख्या को मानक के अनुसार तीन गुना के भीतर रखा जाए। इस माह के अंत तक सभी लंबित मामलों को मानक के अनुरूप लाने का लक्ष्य रखा गया है। सभी अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान के साथ कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए –
सभी लंबित कांडों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर जल्द से जल्द निष्पादन करें।
दुर्गा पूजा को देखते हुए थाना क्षेत्र के सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखें।
क्षेत्र में रात्रि गश्ती तेज करें, अपराधियों पर नकेल कसें और वाहन चेकिंग अभियान चलाएं।
थाने में आने वाले हर फरियादी की बात विनम्रता और गंभीरता से सुनें और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें।
‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार छापेमारी करें।
इस मौके पर जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह के अलावा थाने के सभी एएसआई, एसआई और पुलिस जवान मौजूद थे।
