Katihar:संगत टोला विद्यालय में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता अभियान: छात्राओं को माहवारी की जानकारी दी
संवाददाता मनोज कुमार कटिहार/बिहार
विभागीय निर्देश के आलोक में माहवारी स्वच्छता दिवस को लेकर चलाए जा रहे छह दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय संगत टोला में छात्राओं के बीच विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम विद्यालय के प्रधानाध्यापक लालबिहारी पासवान की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका ज्योति कुमारी ने छात्राओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित पोषण अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, तथा आत्मविश्वास के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। इसे लेकर समाज में फैली भ्रांतियों और संकोच को दूर करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने बताया कि बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देशानुसार एक सप्ताह तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों एवं छात्राओं को माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति सजगता बढ़ाना, स्वच्छ एवं सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करना, तथा माहवारी से जुड़े मिथकों को समाप्त करना है। कार्यक्रम के दौरान बाल संसद एवं मीना मंच की छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं ने स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारियों को गंभीरता से सुना। उन्होंने जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई। प्रधानाध्यापक लालबिहारी पासवान ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं।
