जगदीशपुर बाजार के बजरंगबली मंदिर में गूंजा कीर्तन, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
हर मंगलवार होता है कीर्तन, विशेष आयोजन में पत्रकारों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने ग्रहण किया प्रसाद
रिपोर्ट संजीव कुमार शर्मा भागलपुर बिहार
जगदीशपुर। जगदीशपुर बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में मंगलवार शाम भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। मंदिर परिसर में विशेष कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से बजरंगबली का स्मरण किया। इसके बाद आयोजित भंडारे में पत्रकारों, दुकानदारों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया।
बताया गया कि इस मंदिर में हर मंगलवार को नियमित रूप से कीर्तन का आयोजन किया जाता है। मंगलवार को विशेष रूप से भंडारे का आयोजन किया गया था। भंडारे में चावल, कढ़ी, पकौड़ा, पापड़, तिलबरी और सलाद सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु कराते हैं भंडारा
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बजरंगबली के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। मान्यता है कि श्रद्धा और विश्वास के साथ बजरंगबली से मन्नत मांगने पर मनोकामना पूरी होती है। ग्रामीणों के अनुसार, कई लोगों की मन्नत पूरी होने के बाद पहले भी मंदिर में भंडारे का आयोजन किया जा चुका है।
इसी आस्था और खुशी के अवसर पर मंगलवार को भी विशेष कीर्तन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
पत्रकारों और ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
भंडारे और कीर्तन में पत्रकार विनोद यादव, संजीव कुमार शर्मा और तुलसी यादव समेत ग्रामीण शंकर झा, जितेंद्र कुमार साह, छोटू कुमार, रोहित कुमार, विक्की कुमार, मिथलेश कुमार सहित कई लोग शामिल हुए। दुकानदार सुबोध कुमार समेत स्थानीय लोगों ने भी आयोजन में सहयोग किया।
आयोजकों ने बताया कि मंदिर में नियमित धार्मिक आयोजन के माध्यम से लोगों को एक साथ जोड़ने और धार्मिक वातावरण बनाए रखने का प्रयास किया जाता है। मंगलवार के विशेष आयोजन में भी लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और बजरंगबली का प्रसाद ग्रहण किया।
