आम उठाने गया 12 वर्षीय किशोर करंट की चपेट में आया, मौत; बगीचा संचालक समेत 2 गिरफ्तार

 

किशनगंज जिले के पोठिया प्रखंड अंतर्गत हल्दा पंचायत में आम उठाने के दौरान करंट लगने से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान युगल नामक किशोर के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि किशोर अपने घर के नजदीक स्थित एक बगीचे में जमीन पर गिरे आम उठाने गया था। इसी दौरान वह पेड़ के पास पहले से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आ गया। तार में तेज करंट प्रवाहित हो रहा था, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार बगीचा संचालक शाहबाज (25 वर्ष) ने आम चोरी रोकने के लिए बगीचे में गुप्त रूप से बिजली का तार बिछा रखा था। तार झाड़ियों और जमीन के बीच छिपा होने के कारण बच्चे को दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उसकी चपेट में आ गया।

घटना के वक्त मृतक के माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे। तीन दिन बाद उनके लौटने पर मामले की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामला सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बगीचा संचालक शाहबाज समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!